“शब्दों की मर्यादा: बोलने की उपयोगिता और जीवन में संतुलन

मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है,और उसकी सबसे बड़ी विशेषता है उसके बोलने की क्षमता और कला। यह क्षमता और कला केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विचारों, भावनाओं और अनुभवों को साझा करने का सबसे सशक्त उपकरण और माध्यम है लेकिन एक मूलभूत प्रश्न फिर भी उठता है कि “इंसान को कितना बोलना चाहिए?”यह प्रश्न जितना सरल लगता है, उतना ही यह जीवनदर्शन से जुड़ा हुआ है।

इस प्रश्न का उत्तर हमें उपयोगितावाद (Utilitarianism) के सिद्धांत में मिलता है, जिसे जेरमी बेंथम जैसे विचारकों ने प्रतिपादित किया था उनका मानना था कि जीवन का प्रत्येक कार्य उसकी उपयोगिता के आधार पर किया जाना चाहिए।

उपयोगिता के आधार पर बोलना

जब इस दर्शन को बोलने की कला में उतारते हैं, तो उत्तर मिलता है “इंसान को उतना ही बोलना चाहिए जितना बोलना आवश्यक और उपयोगी हो।”हर शब्द का उद्देश्य होना चाहिए,वाणी का उपयोग यदि केवल शोर पैदा करने के लिए किया जाए, तो वह संवाद नहीं, आत्म-प्रदर्शन बन जाता है।

अटल बिहारी वाजपेयी: ठहराव में भी प्रभाव

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी इस संतुलन का सबसे प्रभावशाली उदाहरण थे। वे धीरे-धीरे, ठहर-ठहर,रुक रूक कर बोलते थे।एक वाक्य के बाद विचार का विराम, और फिर दूसरा वाक्य मानो शब्दों से नहीं, मौन से संवाद कर रहे हों।श्रोता उनके हर शब्द का इंतज़ार करते थे,क्योंकि उन्हें पता था अगला वाक्य सिर्फ वाक्य नहीं, अनुभव होगा।उनकी वाणी बताती थी कि कभी-कभी मौन, शब्दों से अधिक बोलता है।

पिताजी कहा करते थे….

मेरे पिताजी अक्सर कहते थे “इंसान को अधिक सुनना चाहिए और कम बोलना चाहिए।”उनकी इस बात में एक गहरा जीवन-दर्शन छिपा था। वह कहते थे “जब हम अधिक बोलते हैं, तो अपने भीतर के विचार और भाव जल्दी सामने रख देते हैं लेकिन जब हम अधिक सुनते हैं, तो हमें दूसरों से सीखने का अवसर मिलता है और वही सीख जीवन में सबसे अधिक उपयोगी होती है।”पिताजी की सीख ने इसे दिल में उतार दिया इसलिए बोलो तब, जब बोलना आवश्यक होऔर सुनो सदा, क्योंकि सुनना सीखने का सबसे सीधा मार्ग है।

विविध व्यक्तित्व और वाणी की प्रकृति

इस संसार में भांति-भांति के लोग हैं।
हर व्यक्ति का स्वभाव, सोचने का तरीका, बोलने की शैली और जीवन का दृष्टिकोण भिन्न होता है।कुछ लोग अधिक बोलकर प्रसन्न रहते हैं।वे विचारों को निरंतर साझा करते हैं, संवाद में ऊर्जा लाते हैं, और खुलकर जीने में विश्वास रखते हैं।वहीं कुछ लोग मौन रहकर सुख अनुभव करते हैं।वे अधिक सुनते हैं, भीतर सोचते हैं, और तब बोलते हैं जब बोलना अनिवार्य हो।

इन दोनों में से कोई भी तरीका गलत नहीं है — जब तक कि वह समाज और स्वयं के लिए उपयोगी हो।सार्थक संवाद में कोई एक तरीका नहीं होता सार्थकता का मतलब है समय, स्थान और व्यक्ति की आवश्यकता के अनुसार बोलना।

मौन भी संवाद है

भारतीय दर्शन मौन को सदैव एक गहन संवाद मानता रहा है।वेदों, उपनिषदों और योगदर्शन में मौन को उच्चतम साधना बताया गया है।
वेदांत कहता है:”मौनं सर्वार्थ साधनम्।”
(मौन सभी अर्थों को साधने का माध्यम है।)

शब्दों की उपयोगिता

हर शब्द की अपनी ऊर्जा है। कोई शब्द रिश्ते जोड़ता है, तो कोई तोड़ता है।
कोई शब्द किसी को प्रेरणा देता है, तो कोई निराशा में धकेल सकता है।
इसलिए बोलने से पहले यह विचार अवश्य करें क्या यह शब्द किसी का भला कर रहा है क्या यह मौन रहने से बेहतर है?

संयमित वाणी, विचारशील ठहराव और आवश्यक संवाद यही बोलने की कला का सार है।अटल जी जैसे व्यक्तित्व यह सिखाते हैं कि कम बोलना कमजोरी नहीं, गहराई की निशानी है।वहीं दुनिया यह भी दिखाती है कि खुले विचारों के साथ जीने वाले लोग भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।

इसलिए जीवन में संतुलन का सूत्र यही है —
“बोलो तब, जब बोलना जरूरी हो और मौन रहो तब, जब मौन अधिक कह सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page